ओमप्रकाश वर्मा
नगरा (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के करनी गांव निवासी उमेश चौरसिया हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गौरव यादव उर्फ प्रदुमन यादव, विवेक यादव उर्फ पंडित, रंजीत कुमार, सत्येंद्र कुमार वर्मा और सुंदरम पासवान शामिल हैं। इनमें से दो बाल अपचारी बताए गए हैं, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे और दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे उमेश चौरसिया अपने साथी उत्तम वर्मा और सलीम अंसारी के साथ मालीपुर से पूजा का सामान लेने जा रहे थे। कैथी शंकरपुर मठिया मोड़ के पास ट्यूबवेल मोड़ पर पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनकी बाइक रोककर मारपीट शुरू कर दी। बांस के डंडे से किए गए हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी उन्हें सीएचसी सीयर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक के भतीजे चंदन चौरसिया की तहरीर पर उभांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत धारा 103(1), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 191(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की।पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर तिरनई नहर पुल के पास तिरनई खिजिरपुर उस्मानपुर मौजा स्थित डेरा/अर्धनिर्मित मकान में दबिश देकर पांचों आरोपियों को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चौरसिया के डेरा के पास से घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे बरामद हुए। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।गिरफ्तारी और अनावरण में उभांव थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की भी भूमिका रही। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय बलिया भेज दिया।
