भूपेंद्र श्रीवास्तव
गौतम बुद्ध नगर ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया है। करीब 1,400 मीटर लंबे इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य ग्रेनो वेस्ट को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ना है। लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत वाले इस फ्लाईओवर के दोनों तल पर वन-वे ट्रैफिक चलेगा, जिससे ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच सफर आसान होगा और तिगरी चौक के जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, सामान्य चार लेन फ्लाईओवर के लिए 15 मीटर चौड़ाई की जरूरत थी, जबकि मौके पर अधिकतम 14 मीटर जगह ही उपलब्ध है। इसी वजह से डबल डेकर डिजाइन को चुना गया, जिसमें केवल 12 मीटर चौड़ाई में दोनों स्तरों पर तीन-तीन लेन यानी कुल छह लेन बनाई जा सकेंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना का प्रेजेंटेशन NHAI को सौंप दिया है। अब NHAI ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) मांगी है, जिसके बाद निर्माण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
