मां-बेटी की मौत से सनसनी

MAHARSHI TIMES
0


अलग-अलग स्थानों पर मिले शव, सिर पर चोट के निशान की आशंका

महर्षि टाइम्स 

रसड़ा (बलिया)। रसड़ा थाना क्षेत्र के सराय भारती (मुस्तफाबाद) गांव में गुरुवार सुबह मां-बेटी के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की आशंका जताई गई है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के अनुसार, गांव के चौकीदार ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना दी कि लगभग 65 वर्षीय मानती गुप्ता और उनकी करीब 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी गौरी के शव पड़े हैं। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अलग-अलग जगह मिले शव

जांच के दौरान गौरी का शव घर के पीछे धान के खेत में मिला, जबकि मानती गुप्ता का शव घर से करीब 25-30 मीटर दूर खेत के किनारे पड़ा था। पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि घटना घर के अंदर हुई और बाद में शवों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया। घर में खून के निशान धोकर साक्ष्य मिटाने के प्रयास की बात भी सामने आई है।

कई जांच टीमें जुटीं

घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, एफएसएल, स्वॉट और सर्विलांस टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी।

एसपी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चोटों और मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होगी। मृतका के पति रामचीज गुप्ता से भी पूछताछ की जा रही है। परिवार के चार बेटे बाहर रहते हैं। परिजनों ने फिलहाल किसी रंजिश या विवाद की जानकारी से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top