सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित हुआ शिविर
बलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय बलिया एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर केक काटकर बधाई दी गई। शिविर में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में कुल 31 यूनिट रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्त मानव जीवन का अमूल्य आधार है। दुर्घटना, प्रसव, बड़ी शल्य चिकित्सा, कैंसर, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया सहित कई गंभीर बीमारियों के उपचार में रक्त की आवश्यकता होती है। स्वैच्छिक रक्तदाता किसी अज्ञात जरूरतमंद के लिए जीवनदाता बनकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के प्रयासों की सराहना की गई।
इसके बाद अतिथियों ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए।
कार्यक्रम में डॉ. सुजीत कुमार यादव, डॉ. मंजू रानी, डॉ. आनंद कुमार, डॉ. रितेश सोनी, डॉ. वसुंधरा, डॉ. संतोष चौधरी, जीके दुबे, कमलेश पाण्डेय, शैलेन्द्र पाण्डेय, केके पाठक, रविशंकर तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रक्तदान करने वालों में सरदार सुरेंद्र सिंह खालसा, प्रेरक गुप्ता, श्याम बाबू रौनियार, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, भूपेंद्र गुप्ता, बृजेश सिंह, सुनील कुमार, आशीष सिंह, रवि सोनी, अभय कुमार, विश्वकर्मा पाठक, प्रदीप रस्तोगी आदि शामिल रहे।

