जननायक के नाम होगा फेफना खेल महोत्सव

MAHARSHI TIMES
0

महर्षि टाइम्स जितेन्द्र कुमार सिंह (विकास)

बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के जन्म शताब्दी वर्ष में इस वर्ष का ‘फेफना खेल महोत्सव’ जननायक को समर्पित होगा। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने मंगलवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में ‘जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव’ का शुभारंभ घोषित किया। उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होगा।

22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले खेल महोत्सव को आठ क्लस्टर में कराया जाएगा। प्रत्येक क्लस्टर में फेफना विधानसभा की तीन से चार न्याय पंचायतों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। क्लस्टर विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ उन्हें पांच दिवसीय ग्रैंड फाइनल में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा।

क्लस्टर स्तर पर जूनियर व सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी की प्रतियोगिताएं होंगी। एथलेटिक्स में 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, लंबी कूद तथा गोला प्रक्षेप शामिल हैं। इस वर्ष रस्साकशी को भी क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

उपेंद्र तिवारी ने कहा कि पिछले वर्षों में फेफना खेल महोत्सव से कई प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। इस वर्ष भी समापन समारोह में पूरे जनपद के विभिन्न खेलों के उदीयमान खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित प्रतिभाओं के लिए निकट भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की योजना है।

गांव-गांव पहुंचेगा सेवा संकल्प अभियान

पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा और एनडीए के घटक दलों द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में 25 वर्षों की सेवा और राष्ट्रप्रेम को केंद्र में रखते हुए सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। फेफना विधानसभा के प्रत्येक बूथ और नागरिक तक अभियान के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए मंडल स्तर पर बैठकों का दौर शुरू होगा।

प्रेस वार्ता में चितबड़ागांव चेयरमैन अमरजीत सिंह, उपेंद्र पांडे, अंजनी राय, भरत राय, टुनटुन उपाध्याय, उमेश सिंह, आर्केश दुबे, विजय वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top