ई-रिक्शा सवार महिला से चेन स्नेचिंग का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार

MAHARSHI TIMES
0

स्वाट, सर्विलांस और चितबड़ागांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; दो बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, तमंचे-कारतूस, चाकू, मंगलसूत्र और बाइक बरामद


        बाइट - अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा 

महर्षि टाइम्स जितेन्द्र कुमार सिंह 
चितबड़ागांव (बलिया)। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए बाइक सवारों की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव की संयुक्त पुलिस टीम ने मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, सोने का लॉकेट लगा मंगलसूत्र, 320 रुपये नकद और तीन एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार के नेतृत्व में की गई। इसमें थानाध्यक्ष चितबड़ागांव बृजेश सिंह तथा स्वाट और सर्विलांस टीम का सहयोग रहा।

9 सितंबर को हुई थी वारदात

पुलिस के मुताबिक, थाना चितबड़ागांव क्षेत्र के कारो गांव निवासी माया देवी पत्नी रमेश राजभर ने 10 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 9 सितंबर को कस्बा चितबड़ागांव से ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थीं। ग्राम सुजायत के पास रमेश यादव की गिट्टी-बालू की दुकान के समीप बाइक सवार अज्ञात युवकों ने उनके गले में पड़े मोतियों के मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर सोने का लॉकेट छीन लिया और फरार हो गए।

तहरीर के आधार पर थाना चितबड़ागांव में मुकदमा अपराध संख्या 118/2026 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी सदर एवं थानाध्यक्ष चितबड़ागांव को टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद थाना पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। स्वाट एवं सर्विलांस टीम के सहयोग से तकनीकी साक्ष्यों के साथ सुरागरसी-पतारसी की गई। जांच के दौरान एक अभियुक्त और दो बाल अपचारियों के नाम प्रकाश में आए।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तीनों को नरही-चितबड़ागांव मार्ग पर ग्राम मानपुर के पास से सुबह करीब 5:35 बजे पकड़ लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रितेश उर्फ पुत्तुल पुत्र रामायण चौहान, निवासी ग्राम बैरिया, थाना नरही, जनपद बलिया, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। उसके साथ 17 वर्ष और करीब 16 वर्ष उम्र के दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट UP60 BH 9060 लगी थी। जांच में मोटरसाइकिल का वास्तविक पंजीकरण नंबर UP60 BH 9509 पाया गया।

इसके अलावा पुलिस ने दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, मोती लगा सोने का लॉकेट वाला मंगलसूत्र, 320 रुपये नकद और तीन एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए।

आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाईं

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 318(4), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 एवं 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त एवं दोनों बाल अपचारियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई में निरीक्षक विश्वनाथ यादव प्रभारी सर्विलांस टीम, उपनिरीक्षक अजय साहनी प्रभारी स्वाट टीम, थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक ओमनारायण पाठक, उपनिरीक्षक अतुल कुमार सहित स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top