राष्ट्रीय लोक अदालत में 10 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण

MAHARSHI TIMES
0

महर्षि टाइम्स भूपेंद्र श्रीवास्तव 

गौतम बुद्ध नगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को गौतम बुद्ध नगर (नोएडा/ग्रेटर नोएडा) के न्यायालयों एवं तहसील स्तर पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं निर्देशन में आयोजित लोक अदालत में रिकॉर्ड 10,08,279 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इससे बड़ी संख्या में लोगों को वर्षों पुराने मुकदमों से राहत मिली।

न्यायालयों में हुआ मामलों का निस्तारण

मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (MACT) के पीठासीन अधिकारी वत्सल श्रीवास्तव ने 43 मामलों का निस्तारण करते हुए करीब 4.40 करोड़ रुपये का मुआवजा तय कराया। पोक्सो कोर्ट-द्वितीय के न्यायाधीश कुमार गौरव ने 580 मामलों का निपटारा कर 1.15 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।

एनआई एक्ट विशेष न्यायालय के न्यायाधीश सुरेश चंद ने 30 मामलों में 1.24 करोड़ रुपये का समझौता कराया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिकेश पांडेय ने 3,360 मामलों का निस्तारण किया, जबकि जिला जज अतुल श्रीवास्तव ने स्वयं चार महत्वपूर्ण मुकदमों का निस्तारण कराया।

यातायात, पुलिस और बैंकों के मामलों में भी राहत

लोक अदालत में न्यायालयों के अलावा प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों का भी बड़े पैमाने पर निस्तारण किया गया। यातायात विभाग ने ई-चालान एवं यातायात नियमों से जुड़े 4,00,263 मामलों का निपटारा किया। पुलिस विभाग ने 32,089 मामलों का निस्तारण किया।

जिलाधिकारी के अधीन विभिन्न विभागों ने 4.76 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण किया, जबकि चिकित्सा विभाग ने एक लाख से अधिक शिकायतों का समाधान किया।

यूपीपीसीएल के 5,931, श्रम न्यायालय के 1,102 मामलों का निस्तारण हुआ। श्रम मामलों में करीब 4.19 करोड़ रुपये की धनराशि से संबंधित समझौते हुए। एनपीसीएल के 35 मामलों तथा बैंकों के 245 मामलों का भी निस्तारण किया गया। बैंकों द्वारा करीब 3.61 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने लोक अदालत के माध्यम से 5,160 मामलों का समाधान किया।

जिला जज अतुल श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता पर सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत सुलह-समझौते के आधार पर न्याय पाने का सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है। इससे न केवल पक्षकारों को त्वरित न्याय मिलता है, बल्कि आपसी कटुता भी समाप्त होती है।

इस प्रकार गौतम बुद्ध नगर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 10,08,279 मामलों का सफल निस्तारण कर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top