महर्षि टाइम्स
बेरुआरबारी , बलिया : लगातार हो रही बारिश के चलते बेरुआरबारी विकास खंड कार्यालय परिसर की जर्जर बाउंड्री वाल का करीब 20 फीट लंबा हिस्सा भरभराकर गिर गया। इससे पूरे कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बाउंड्री टूटने के कारण परिसर के अंदर स्थित कार्यालयों के साथ-साथ सरकारी आवास भी असुरक्षित हो गए हैं। गिरी हुई दीवार बाबा अमरनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग की ओर स्थित थी। राहत की बात यह रही कि दीवार सड़क की ओर गिरने की बजाय परिसर के अंदर की तरफ गिरी। लोगों का कहना है कि बाउंड्री वाल काफी समय से जर्जर अवस्था में थी, लेकिन उसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर होकर आखिरकार ढह गई। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शेष जर्जर बाउंड्री की तत्काल जांच कराकर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सकें।
