परिवहन मंत्री ने देखी कटहल नाले के कार्य की स्थिति

MAHARSHI TIMES
0

बोले गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरा हो काम 

महर्षि टाइम्स 

बलिया: प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को नगर के कटहल नाले पर चल रहे सुंदरीकरण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। जनहित से जुड़े इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कटहल नाला सुंदरीकरण परियोजना शहर के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जो पूर्ण होने के बाद बलिया की पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि यह स्थान भविष्य में जनपदवासियों के लिए सैर-सपाटे और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र होगा। मंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में उमरगंज पुल से रोडवेज बस स्टेशन की ओर लगभग 600 मीटर तक नाले के दोनों किनारों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। इसके साथ ही दोनों तरफ 10 फीट चौड़े पाथ-वे का निर्माण भी किया जा रहा है, ताकि लोग सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से भ्रमण कर सकें। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में इस परियोजना का विस्तार उमरगंज की ओर बहादुरपुर पुल तक तथा दूसरी दिशा में रामपुर महावल रेग्यूलेटर तक किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर शहर की सबसे आकर्षक सार्वजनिक स्थलों में शामिल होगा। निरीक्षण के दौरान परिवहन मंत्री ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से गैंबियन बॉक्स सहित अन्य तकनीकी कार्यों की जानकारी ली और निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सरकार की विशेष नजर है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान मृत्युंजय तिवारी बबलू, अरुण सिंह बंटू, कमलेश सिंह, अमरीश पांडेय आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top