जाहिदपुर (झंगहटा) के युवक के जाल में फंसीं प्रतिमाएं, जांच में जुटी पुलिस
ओमप्रकाश वर्मा
बेल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर (झंगहटा) निवासी रामाशंकर राजभर, पुत्र डब्लू राजभर, को गुरुवार सुबह करीब आठ बजे दोहरीघाट सहायक पंप कैनाल में मछली पकड़ने के दौरान जाल में दो प्रतिमाएं मिलीं। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रतिमाओं के दर्शन किए। प्रथम दृष्टया एक प्रतिमा बजरंगबली तथा दूसरी लड्डू गोपाल (भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप) की बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामाशंकर राजभर रोज की तरह कैनाल में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान जाल किसी भारी वस्तु में उलझ गया। काफी मशक्कत के बाद जब जाल को बाहर निकाला गया तो उसमें दो प्रतिमाएं फंसी हुई थीं। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बन गई।घटना की सूचना पर उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमाओं को अपने कब्जे में ले लिया। उभांव थाना के उपनिरीक्षक (हल्का दरोगा) सुमित त्रिपाठी ने बताया कि बरामद प्रतिमाएं अष्टधातु की प्रतीत होती हैं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।उन्होंने बताया कि समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रतिमाएं किस स्थान की हैं और कैनाल तक कैसे पहुंचीं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों का मानना है कि यदि प्रतिमाएं प्राचीन सिद्ध होती हैं, तो यह क्षेत्र के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से महत्वपूर्ण खोज साबित हो सकती हैं।

