महर्षि टाइम्स
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड स्थित मालगोदाम मार्ग पर चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के नकदी, जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने उभांव थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और चोरी के खुलासे की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मालगोदाम मार्ग निवासी स्वर्गीय काशीनाथ जायसवाल की पत्नी पिछले लगभग तीन माह से इलाज के सिलसिले में बलिया शहर के अधिवक्ता नगर स्थित अपने बड़े दामाद अजय कुमार गुप्ता के घर रह रही थीं। शनिवार की शाम करीब चार बजे वह अपने नाती आशीष आदर्श के साथ बेल्थरा रोड स्थित घर पहुंचीं।
घर का ताला खोलकर अंदर जाने पर परिजनों के होश उड़ गए। कमरे के दरवाजे टूटे पड़े थे, अलमारियों के ताले क्षतिग्रस्त थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने हथौड़ी और छेनी की मदद से छत का दरवाजा काटकर कमरों और अलमारियों के ताले तोड़े।
परिजनों के मुताबिक चोर करीब 1.52 लाख रुपये नकद, लगभग 16 ग्राम सोने के आभूषण, करीब सवा किलो चांदी के जेवर, डेढ़ लाख रुपये मूल्य के कपड़े तथा लगभग 80 हजार रुपये के पीतल व फूल के बर्तन समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए। चोरी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सीयर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। रविवार को पीड़ित पक्ष की ओर से उभांव थाने में लिखित तहरीर देकर चोरी के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंद मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
