अंडरपास की मांग को लेकर फिर भड़के ग्रामीण, ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे कार्य रोका।

MAHARSHI TIMES
0

चेतावनी : मांग पूरी नहीं हुई तो होगा धरना, प्रदर्शन और चक्का जाम।

महर्षि टाइम्स 

बैरिया (बलिया)। बैरिया-मांझी मार्ग पर निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे में शिवन टोला के समीप प्रस्तावित अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते सोमवार को ग्रामीणों ने अंडरपास स्थल पर मिट्टी भराई का कार्य रुकवा दिया था। अधिकारियों द्वारा तीन दिन में समाधान का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर गुरुवार को ग्रामीण पुनः सांकेतिक धरने पर बैठ गए।ग्रामीणों का कहना है कि शिवन टोला से रानीगंज बाजार जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। इसके दोनों ओर सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि स्थित है, जहां किसानों का आना-जाना इसी मार्ग से होता है। ऐसे में अंडरपास नहीं बनने से ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे निर्माण शुरू होने के बाद से ही ग्रामीण लगातार संबंधित अधिकारियों से यहां अंडरपास निर्माण की मांग करते रहे हैं। ग्रामीणों ने लिखित और मौखिक रूप से कई बार अधिकारियों को अवगत कराया। तत्कालीन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने भी परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर अंडरपास निर्माण की आवश्यकता बताई थी। इसके बावजूद सोमवार को अचानक रास्ता बंद करने के उद्देश्य से मिट्टी भराई शुरू कर दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंच गए और काम बंद करा दिया। इसके बाद उपजिलाधिकारी बैरिया तथा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी तथा हरसंभव अंडरपास निर्माण का प्रयास किया जाएगा। तीन दिन में जानकारी देने का भरोसा भी दिया गया था। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई सूचना नहीं मिलने से गुरुवार को पूर्व प्रधान विनोद सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और युवा सांकेतिक धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले दिनों में धरना, प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। धरने में विनोद कुमार सिंह, अजय कुमार यादव, सुरेश सिंह, पप्पू सिंह, मुटुर सिंह, त्रिवेणी सिंह, छोटन सिंह, भानु यादव, मनोज यादव और शिवमंगल सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

*पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने दिया समर्थन:-*

धरनास्थल पर पहुंचे बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा कि शिवन टोला और सोभनथहीं गांव के समीप अंडरपास निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की मांग नहीं मानी गई तो वह किसानों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर सत्याग्रह करने को भी तैयार हैं। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सरकार की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से जानबूझकर जनहित की अनदेखी कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top