महर्षि टाइम्स
(बलिया)। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कझारी में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने का आरोप लगाया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कझारी गांव में पट्टे की जमीन को खारिज कराने को लेकर पहले से ही आपसी तनाव चल रहा था। इसी बीच खेत की मेड़ काटने को लेकर प्रवीण मौर्य और अश्वनी मौर्य दोनो पक्षो के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी संदीप ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
