कोचिंग सेंटर मृतक मनीष शर्मा
ओमप्रकाश वर्मा
बिल्थरा रोड (बलिया) उभांव क्षेत्र में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नगर पंचायत बेल्थरा रोड के यादव नगर, वार्ड नंबर 11 सोनाडीह मोड़ के पास स्थित एक कोचिंग सेंटर में संचालक मनीष शर्मा 27 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। खासकर मां और बहनों के विलाप से माहौल बेहद गमगीन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष शर्मा अपने परिवार में सबसे बड़े थे। वह दो भाइयों में बड़े और तीन बहनों में एकमात्र अविवाहित थे, जिनमें से दो बहनों की शादी हो चुकी है। उनके पिता गिरधारी शर्मा यादव नगर के सामने लोहे का कार्य करते हैं। परिवार मूल रूप से नावानगर का निवासी है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से बिल्थरा रोड में रह रहा था। मनीष किराए के मकान में कोचिंग सेंटर संचालित करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे मनीष खाना खाने के बाद रोज की तरह कोचिंग के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने परिचितों का अभिवादन भी किया और पूरी तरह सामान्य दिख रहे थे। लेकिन करीब एक घंटे बाद उनके द्वारा उठाया गया यह आत्मघाती कदम सबको स्तब्ध कर गया। घटना की सूचना मिलते ही सीयर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

