मारपीट में युवक की हालत बिगड़ने पर हड़कंप, पीआरबी जवान लाइन हाजिर

MAHARSHI TIMES
0

महर्षि टाइम्स 

बिल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाने पर पीआरबी पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक को मारने पीटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। युवक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच की बात कह कर मामले को दबाने का काम कर रही है। घटना सोमवार की शाम की बताई गई है। मामला बढ़ते देख एसपी बलिया ने पीआरबी के आरक्षी शिवकेश कन्नौजिया को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।जानकारी के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्थरा बाजार निवासी किराना व्यवसायी रमेश गोंड की दुकान पर किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद और कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अपनी वहां से पूछताछ के लिए उभांव थाने ले आई।परिजनों का आरोप है कि थाना परिसर में पूछताछ के दौरान सुरेश गोंड को बुरी तरह पीआरबी पुलिस ने मारा पीटा।जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर गया। युवक की तबीयत खराब होते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।परिजनों ने बताया कि सुरेश गोंड पहले से पथरी और ब्लड प्रेशर की बीमारी से पीड़ित हैं। ऐसे में कथित मारपीट के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई। घटना की जानकारी फैलते ही अस्पताल और थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई तथा मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी।वहीं उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक कि माने तो दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें मोबाइल तोड़े जाने की सूचना पर डायल 112 टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि थाने लाने के बाद मुंशी द्वारा युवक की तबीयत खराब देखी गई, जिसके बाद तत्काल उसे उपचार के लिए सीएचसी सीयर भेजा गया। थाना प्रभारी पाठक ने बताया कि पीआरबी के एक जवान पर मारपीट के आरोप में कांस्टेबल शिवकेश कनौजिया को लाइन हाजिर किए जाने का आदेश जारी हुआ है। पूरे मामले की जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top