संवाददाता महर्षि टाइम्स
बैरिया (बलिया)। जनपद बलिया के बैरिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे में शिवन टोला के समीप प्रस्तावित अंडरपास स्थल को मिट्टी से भरने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना देकर कार्यदायी संस्था का काम रुकवा दिया और स्पष्ट चेतावनी दी कि अंडरपास निर्माण का लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि शिवन टोला से इब्राहिमाबाद ऊपरवार होते हुए रानीगंज जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लाखों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान यहां अंडरपास बनाए जाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन सोमवार को अचानक कार्यदायी संस्था द्वारा खाली स्थान को मिट्टी से भरकर रास्ता बंद करने की कोशिश शुरू कर दी गई। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए मिट्टी भराई का कार्य बंद करा दिया। ग्रामीण धरने पर बैठ गए और “रास्ता बंद नहीं होने देंगे” के नारे लगाए।पूर्व प्रधान विनोद सिंह ने बताया कि फरवरी 2024 में भी रास्ता बंद करने का प्रयास किया गया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार को पत्रक सौंपकर मामले से अवगत कराया गया था। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद परियोजना निदेशक को अंडरपास निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद मामला शांत हुआ था। धरने की सूचना पर उपजिलाधिकारी बैरिया संजय कुमार, ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के जूनियर इंजीनियर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अंडरपास निर्माण पर जल्द स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन और चक्का जाम भी किया जाएगा। धरने में गंगा सिंह, दुर्गेश ठाकुर, भीम यादव, भानु यादव, चन्द्रमा प्रसाद, दिनेश यादव, छोटन सिंह, हरेराम सिंह, अभय यादव, विनोद सिंह, सुदर्शन रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




