ओमप्रकाश वर्मा
बिल्थरा रोड(बलिया)। नगर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या को लेकर शुक्रवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, बेल्थरा रोड के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी शरद चौधरी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने मुख्य बाजार और रेलवे स्टेशन मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम पर चिंता जताते हुए ठोस कदम उठाने की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि चौधरी चरण सिंह तिराहे से रेलवे स्टेशन तक सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ई-रिक्शा, चारपहिया व भारी वाहनों की वजह से भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने सुझाव दिया कि रेलवे चौराहा से चौधरी चरण सिंह तिराहे तक जाने वाले तीन अलग-अलग मार्गों का उपयोग करते हुए ई-रिक्शा के लिए अलग रूट निर्धारित किया जाए, ताकि मुख्य मार्ग पर दबाव कम हो सके।
ज्ञापन में अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण, बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा नगरा-चौकिया मार्ग पर डिवाइडर निर्माण की मांग करते हुए व्यापारियों ने कहा कि इससे सड़क हादसों में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था सुधरेगी।
उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से लेते हुए उभांव थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि सभी संबंधित पक्षों के साथ सीयर पुलिस चौकी में बैठक कर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करेगा।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष निलेश कुमार दीपू, रिजवानुल्लाह उर्फ मुन्ना, राजेश कुमार गुप्ता, संदीप जायसवाल, सत्य प्रकाश गुप्ता, अधिवक्ता वीरेंद्र यादव सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
