फाइल फोटो मृतका
ओमप्रकाश वर्मा
बलिया। शुक्रवार दोपहर किशोरगंज-ढेकवारी मार्ग पर विशुनपुरा के पास एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पंडितपुर गांव के पास हुए इस हादसे में महिला को ट्रैक्टर के पहिए ने कुचल दिया।
मृतक महिला की पहचान ढेकवारी गांव निवासी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति सुरेंद्रनाथ पांडे के साथ भरथाव गांव जा रही थीं। हादसे में सुरेंद्रनाथ पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
विसुनपुरा की ओर से लकड़ी लदा एक ट्रैक्टर आ रहा था। पंडितपुर गांव के पास खराब सड़क के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। ट्रॉली के धक्के से बाइक सवार महिला सड़क पर गिर गईं और उनके सिर पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायल सुरेंद्रनाथ पांडे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया है।
