15 नामजद 35 अज्ञात पर मुकदमा हुआ दर्ज
महर्षि टाइम्स
चितबड़ागांव (बलिया)। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नगपुरा में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक समुदाय के लोगों द्वारा पुलिस टीम पर हमला किए जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
पुलिस पर पथराव के मामले में 15 नामजद तथा 35 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, मामले में नीतीश सिंह उर्फ मिट्ठू की तहरीर पर धमेंद्र राम पुत्र राजेंद्र राम के खिलाफ छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी ओर राजेंद्र राम की तहरीर पर नीतीश कुमार सिंह के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, विगत 14 अप्रैल को स्थानीय चौकी प्रभारी एवं कुछ गाव के मनचले युवकों के बीच हुए विवाद के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। लोगों का कहना है कि उसी के बाद एक समुदाय विशेष के लोगों का मनोबल बढ़ा, जिसका परिणाम पुलिस पर पथराव की घटना के रूप में सामने आया।
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

