महर्षि टाइम्स
बैरिया बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में फरवरी माह में हुई चर्चित लूटकांड का पुलिस ने अहम खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी के पास से लूट में शामिल पीली धातु के बर्तन, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैरिया पुलिस और स्वाट टीम लगातार सक्रिय थी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा और क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह व स्वाट टीम प्रभारी अजय साहनी ने शुक्रवार देर रात मुखबिर की सूचना पर निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के पास घेराबंदी कर आरोपी सूरज यादव को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी सूरज यादव निवासी सुकरौली थाना दोकटी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि 8/9 फरवरी 2026 की रात उसने अपने साथियों शनि राम, शिवम यादव, सचिन शाह, राघव और अंकित के साथ मिलकर मुंज का डेरा गांव निवासी मोतीलाल गोंड के घर में लूटपाट की थी। घटना के दौरान बदमाश बोलेरो वाहन से पहुंचे थे और वाहन को एनएच किनारे खड़ा किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद पीली धातु की थाली, लोटा और गिलास उसी लूट का हिस्सा हैं, जो उसे बंटवारे में मिले थे। लंबे समय से छिपाकर रखने के बाद वह इन्हें बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी कर दी। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार सूरज यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को बैरिया पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
