घटना की जानकारी से अनजान बने रहे थाना प्रभारी, ग्रामीणों में नाराजगी
ओमप्रकाश वर्मा
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर तारनपुर गांव में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार हल्दीरामपुर तारनपुर निवासी दीपक पुत्र स्वर्गीय जुलुम गुरुवार को करीब 4 बजे नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि दीपक दो भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। पिता का साया पहले ही उठ चुका था, ऐसे में बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं है, पता करने के बाद बताएंगे। इतनी बड़ी घटना के बाद भी थाना पुलिस के अनभिज्ञ रहने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
