महर्षि टाइम्स
बैरिया। भीषण गर्मी बढ़ते ही बैरिया क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। लगातार बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थिति यह है कि तहसील मुख्यालय पर शासन की ओर से 22 घंटे विद्युत आपूर्ति का प्रावधान होने के बावजूद उपभोक्ताओं को मुश्किल से 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, वह भी रुक-रुक कर। ग्रामीण इलाकों की हालत और अधिक खराब है। 18 घंटे के निर्धारित रोस्टर के मुकाबले गांवों में केवल 8 से 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा दिनभर में करीब 15 बार ट्रिपिंग होने से लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। उमस भरी गर्मी में लगातार कटौती ने लोगों की नींद, पेयजल व्यवस्था और दैनिक कार्यों को बुरी तरह प्रभावित किया है। क्षेत्र के प्रमुख विद्युत उपकेंद्रों बैरिया शहर, बैरिया देहात, लोकधाम ठेकहा और जयप्रकाश नगर से जुड़े उपभोक्ता सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों जनार्दन सिंह, मनोज सिंह,रत्नेश कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह और विजय साह का आरोप है कि बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। लगातार कटौती के चलते इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में हो रही अघोषित कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात में बिजली गुल होने पर लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता मूलचंद शर्मा ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। मरम्मत कार्य तेजी से कराया गया, लेकिन तकनीकी कार्य होने के कारण इसमें कुछ समय लगना स्वाभाविक था। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के चलते बिजली पर ओवरलोड बढ़ गया है, जिससे ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। विभाग जल्द ही व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।
