महर्षि टाइम्स
बलिया।चितबड़ागांव नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। टोंस नदी के किनारे बहुप्रतीक्षित रिंग रोड निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सीसी सड़क से नगर पंचायत के कई वार्डों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 स्थित चित्रेश्वर नगर, गांधी नगर, अब्दुल कलाम नगर, आजाद नगर, शास्त्री नगर सहित आसपास के मोहल्लों के लोग लंबे समय से टोंस नदी के किनारे सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, वहीं वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण स्थानीय नागरिकों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। चेयरमैन अमरजीत सिंह ने बताया कि रोड के मजबूती के लिए दोनों तरफ़ बाउंड्री वॉल का निर्माण कराकर मजबूती का ध्यान रखा गया है जिससे बाद के दिनों में भी लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो ।
स्थानीय लोगों की इस बहुचर्चित मांग को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद नगर पंचायत ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सीसी सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि नगर क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगी। लोगों का मानना है कि सड़क बनने के बाद नदी किनारे बसे मोहल्लों को बेहतर संपर्क मार्ग मिलेगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

