सड़क पर कब्ज़ा कर पक्का निर्माण करने वाले को नगर पंचायत ने दी कार्रवाई की चेतावनी
महर्षि टाइम्स
चितबड़ागांव बलिया। नगर पंचायत चितबड़ागांव के वार्ड नंबर 14 शास्त्री नगर में सड़क पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों पहले नगर पंचायत द्वारा बनाए गए खड़ंजे पर पहले मिट्टी भरकर कब्जा किया गया और अब उस पर पक्का निर्माण कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि खड़ंजे पर लगातार अतिक्रमण होने के बावजूद नगर पंचायत लंबे समय तक मूकदर्शक बनी रही। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा होने से आने-जाने में परेशानी बढ़ रही है।
इस मामले में जब नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 14 शास्त्री नगर में खड़ंजे पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस बल और नगर पंचायत कर्मचारियों की मदद से निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया गया है।
ईओ ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को स्वयं कब्जा हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो विधिक कार्रवाई करते हुए खड़ंजे को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

