महर्षि टाइम्स
फेफना। क्षेत्र के बघेजी गांव में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ के दूसरे दिन शनिवार को विधि-विधान के साथ पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धा भाव से यज्ञ में सहभागिता की।
यज्ञाचार्य पंडित अभिषेक शास्त्री महाराज ने पंचांग पूजन के दौरान बताया कि यज्ञ मानव जीवन का सर्वोत्तम कर्म है। यज्ञ से न केवल व्यक्ति की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि को भी ऊर्जा और बल प्राप्त होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस दौरान नवनिर्मित राम-जानकी मंदिर की भव्यता भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन सायंकाल यज्ञाचार्य द्वारा कथा वाचन किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। वहीं, मंडप परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सव का माहौल बना हुआ है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रामनाथ सिंह, विनोद पांडेय, उपेंद्र सिंह, तारकेश्वर सिंह, उपेंद्र पांडेय, सुनील सिंह, बब्लू सिंह, जितेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह, टुनटुन पांडेय एवं संजय सिंह (वकील) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

