ओमप्रकाश वर्मा
नगरा (बलिया)। अंबेडकर जयंती के अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगरा पुलिस द्वारा सोमवार की शाम 7 बजे भव्य बाइक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च थाना अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फ्लैग मार्च नगरा से शुरू होकर रसड़ा मार्ग, घोसी मार्ग, बेल्थरा मार्ग एवं सिकंदरपुर मार्ग सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने आमजन से शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
थाना अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि अंबेडकर जयंती को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला और लोगों ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।
