महर्षि टाइम्स
बलिया । चितबड़ागांव थानाक्षेत्र अन्तर्गत नगर पंचायत के आदित्य कृष्णा पुत्र अशोक तिवारी वार्ड नंबर 12 आजाद नगर निवासी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा 2025 में पहले ही प्रयास में 540 वीं रैंक हासिल कर नगर पंचायत सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार आदित्य कृष्णा की माता स्व. कंचन तिवारी वर्ष 1989 से 2012 तक बिहार के विभिन्न जिलों में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के पद पर कार्यरत रहीं। नौकरी के दौरान ही उनका निधन हो गया था। पिता अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि आदित्य की प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली में हुई, जबकि वर्ष 2021 में उन्होंने बीटेक की पढ़ाई पूरी की।आदित्य कृष्णा की सफलता से परिवार में हर्ष का माहौल है। शुक्रवार को चितबड़ागांव में उनकी सफलता की खुशी उस समय और बढ़ गई जब नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह तथा सभासद अखिलेश सिंह ने लोगों का मुंह मीठा कराकर अपनी खुशी जाहिर की।क्षेत्र के लोगों ने भी आदित्य कृष्णा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आदित्य के पिता अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि उनके चार बच्चों में तीन पुत्रियां हैं और सबसे छोटे पुत्र आदित्य कृष्णा हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है।

