कार्रवाई पर उठे सवाल, देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं
महर्षि टाइम्स
बलिया । थाना चितबड़ागांव परिसर में रविवार की सुबह स्थानीय पुलिस द्वारा शीशम की हरी लकड़ी से लदा एक पिकअप वाहन पकड़े जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पकड़े गए पिकअप का पंजीकरण नंबर यूपी 60 टी 1006 है, जिसमें हरा शीशम के लगभग 15 बोटे लदे बताए जा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार यह पिकअप संजय राम पुत्र सीताराम, निवासी पटेल नगर, चितबड़ागांव (बलिया) का बताया जा रहा है। वन संपदा से जुड़ा मामला होने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
थाना परिसर में वाहन खड़ा होने और शीशम की लकड़ी बरामद होने की सूचना फैलते ही लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। जानकारों का कहना है कि शीशम जैसी कीमती प्रजाति की हरी लकड़ी का परिवहन वन अधिनियम के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें त्वरित विधिक कार्रवाई आवश्यक होती है।फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की बात कही जा रही है, लेकिन मुकदमा दर्ज न होने से प्रशासनिक ढिलाई पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि पुलिस और वन विभाग आगे क्या कदम उठाते हैं।
