ओमप्रकाश वर्मा
नगरा बलिया सेंट जेआरएस स्कूल पांडेयपुर में मंगलवार को विजय दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने 1971 के युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रो. समरजीत बहादुर सिंह ने विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत केवल अपने लिए नहीं, बल्कि विश्व कल्याण के लिए जीता है। प्रो. सिंह ने 1971 के युद्ध का उल्लेख करते हुए बताया कि यह विश्व की पहली घटना थी, जब भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान के लगभग 93 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर किया और उन्हें युद्ध बंदी बनाकर विजय पताका फहराई। उन्होंने यह भी बताया कि इसी विजय के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 16 दिसंबर को पूरे भारत में विजय दिवस मनाया जाता है।
विद्यालय के प्रबंधक उमाशंकर सैनी ने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपना जोश कम नहीं होने देते और अपने मकसद में सफल होते हैं, जिसका परिणाम यह विजय दिवस है।इस अवसर पर विहिप जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह चन्देल और भाजपा नेता राजू सोनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
