सात दिन से किशोरी लापता, पुलिस अब तक नाकाम

MAHARSHI TIMES
0

रजनीश श्रीवास्तव 

सिकंदरपुर (बलिया) - थाना सिकंदरपुर क्षेत्र के ग्राम चेतन किशोर निवासी राकेश ठाकुर की 15 वर्षीय पुत्री कशिश ठाकुर बीते सात दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। लगातार खोजबीन और थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस अब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इस घटना से परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है और गांव के लोगों में भी पुलिस की धीमी कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। परिजनों के अनुसार, कशिश ठाकुर 3 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे घर से सिकंदरपुर कस्बा स्थित कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी। लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिवारजन परेशान हो उठे। शुरू में यह मानकर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई कि शायद कहीं रुक गई हो, लेकिन जब रात तक भी कोई सूचना नहीं मिली तो सभी की बेचैनी बढ़ गई। अगले दिन भी परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों व सहेलियों से पूछताछ की, किंतु किशोरी का कोई पता नहीं चला। थक-हारकर उसके पिता राकेश ठाकुर ने थाना सिकंदरपुर में लिखित तहरीर दी और बेटी को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई। पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी बेटी पढ़ाई में होनहार थी और कभी घर से बिना बताए नहीं जाती थी। अचानक इस तरह गायब हो जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।हालांकि पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और किशोरी की तलाश शुरू करने का दावा किया है, लेकिन 10 सितंबर तक यानी पूरे सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इससे परिजनों का धैर्य टूटता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है और अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि लड़की की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास के जिलों तक सूचना भेजी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।

फिलहाल इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है। लोग अपनी बच्चियों को अकेले बाहर भेजने से डरने लगे हैं। परिजन बेटी के सकुशल लौटने की आस लगाए हुए हैं और प्रशासन से तुरंत व प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top