महर्षि टाइम्स
बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद में बूथ लेवल अधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स का प्रथम दिन दो पालियों में प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विधानसभा क्षेत्र 357- बेल्थरा रोड, 358- रसड़ा, 359-सिकंदरपुर एवं 360-फेफना के बीएलओ व सुपरवाइजर्स ने भाग लिया। इसमें उन्हें निर्वाचन नामावलियों से जुड़े विधिक प्रावधानों, बीएलओ ऐप के उपयोग, ईआरओ नेट/आईटी प्रणाली की विविध गतिविधियों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों की मूल्यांकन परीक्षा भी कराई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन प्रतिभागियों को 15 या उससे अधिक अंक प्राप्त होंगे उन्हें सम्मानित किया जाएगा और 15 से कम अंक प्राप्त करने वालों को दोबारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक के मोबाइल में बीएलओ ऐप अनिवार्य रूप से इंस्टॉल होना चाहिए। मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने का कार्य पूर्ण साक्ष्य के साथ निर्धारित प्रारूप में ही किया जाए, और बिना प्रमाण के कोई नाम सूची में सम्मिलित नहीं किया जाए।साथ ही सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया कि व्हाट्सएप ग्रुप का सक्रिय रूप से उपयोग करना सीखें एवं सूचना के आदान-प्रदान में तकनीकी माध्यमों का समुचित प्रयोग करें। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीएम अनिल कुमार गुप्ता, एसडीएम बेल्थरा रोड शरद चौधरी, एसडीएम रसड़ा रवि कुमार, एसडीएम सिकंदरपुर सुनील कुमार एवं एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी, एसडीएम सदर तिमराज सिंह आदि उपस्थित रहे।

