संवाददाता / हिमांशु दुबे
हल्दी, बलिया । स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत सोनवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य स्वास्थ्य इकाईयों पर विशेष शिविर लगेंगे। सीएचसी सोनवानी के अधीक्षक डॉ. मुक्कर्रम ने बताया कि 20 सितंबर को सोनवानी में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। इस पखवाड़े में महिलाओं की कई तरह की जांच की जाएंगी। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की जांच शामिल है। मेले में महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग की विशेष सुविधा होगी। ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच की जाएगी। किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की जांच भी होगी। हाई रिस्क वाली महिलाओं की टीबी जांच की जाएगी। जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल की जांच और परामर्श दिया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। इनमें स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, त्वचा विशेषज्ञ, मनोचिकित्सक और दंत चिकित्सक शामिल हैं। सभी विशेषज्ञ रोस्टर के अनुसार अपनी सेवाएं देंगे।
