महर्षि टाइम्स
सिकंदरपुर (बलिया) - पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देश पर शनिवार की देर शाम सिकंदरपुर बस स्टैंड चौराहे पर पुलिस द्वारा डिजिटल चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक और उनकी टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच की। अभियान के तहत पुलिस टीम ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की नंबर प्लेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और अन्य आवश्यक कागजातों की गहन जांच की। इस दौरान ट्रिपल सवारी करने वाले कई वाहन चालकों का चालान किया गया। वहीं बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों और बिना सीट बेल्ट कार चलाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि यह डिजिटल चेकिंग अभियान आम जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पहचान करने के लिए समय-समय पर इस तरह की चेकिंग की जाएगी। क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना और अपराध पर अंकुश लगाना है। उनके अनुसार ऐसे अभियानों से आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में भय पैदा होगा और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि इस प्रकार की नियमित कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और कानून व्यवस्था और भी सुदृढ़ होगी।
