महर्षि टाइम्स
सिकंदरपुर (बलिया) - हाई कोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद के उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी एवं मूल रूप से बलिया जनपद के खरीद गांव निवासी ओम प्रकाश यादव ने दूरभाष पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के खरीद, पुरुषोत्तम पत्ती, बिजलीपुर, निपानिया और बहदुरा गांव इस बार की बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। इन गांवों के दर्जनों किसानों की उपजाऊ भूमि नदी की धारा में बह गई है, वहीं कई मकान क्षतिग्रस्त होकर परिवारों को बेघर कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह आपदा ग्रामीण अंचल में गहरी आर्थिक और सामाजिक समस्या खड़ी कर रही है। श्री यादव ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराया जाए तथा राहत सामग्री का समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन किसानों की पूरी जमीन नदी में समा गई है, उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि वे दोबारा अपनी आजीविका चला सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि शीघ्र सर्वे कराकर क्षति का सही आकलन करे और किसानों की पीड़ा को गंभीरता से दूर करे। उन्होंने बताया कि बाढ़ में
विजय शंकर चौधरी, मनोज यादव, अवधेश चौधरी, परशुराम चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, शिव शंकर चौधरी, उदय शंकर, उमाशंकर, विजय बहादुर यादव, जितेंद्र यादव सहित दर्जनों किसानो की उपजाऊ भूमि नदी में समाहित हो चुकी है। ओम प्रकाश यादव ने कहा कि इस संकट की घड़ी में किसानों के साथ सरकार और समाज दोनों को मजबूती से खड़ा होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं किसानों की आवाज को हर स्तर पर उठाएंगे और उनके अधिकार दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
