रजनीश श्रीवास्तव
सिकंदरपुर (बलिया) - मोहल्ला मिल्की गण गोंडा वार्ड नंबर 12 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय गुड्डू पुत्र निजाम की मौत हो गई। वह हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर की चपेट में आ गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मौके पर भीड़ जुट गई और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैसे पहुंचा ट्रांसफार्मर के पास—अब भी सवाल बरकरार
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि वार्ड में लगा 400 केवी का ट्रांसफार्मर जमीन से सिर्फ तीन फीट की ऊंचाई पर है, जो हमेशा खतरे की स्थिति में रहता है। लेकिन यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गुड्डू वहां कैसे पहुंचा। कुछ लोगों का कहना है कि वह कबाड़ बीनने का काम करता था और ट्रांसफार्मर के पास कबाड़ तलाशने गया होगा। वहीं अन्य लोगों का मानना है कि वह पेशाब करने गया था और ट्रांसफार्मर की चपेट में आ गया।
परिवार में केवल एक विवाहित बेटी
मृतक गुड्डू के परिवार में अब केवल एक विवाहित पुत्री है। पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है। ऐसे में परिवार पूरी तरह टूट गया है। आसपास के लोग पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और विभागीय लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लोग बोले—ट्रांसफार्मर हमेशा देता रहा था खतरे का संकेत
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर लंबे समय से बेहद नीची ऊंचाई पर था, जिसकी शिकायतें कई बार विभाग को दी गई थीं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। गुरुवार को इसी लापरवाही ने एक जान ले ली।
