दादरी। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (DNGIR) यानी ‘न्यू नोएडा’ परियोजना को गति देने के लिए नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी हर्षित तिवारी और दादरी क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। बैठक में प्रथम चरण के गांवों, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम प्रधानों ने किसानों के हित में मुआवजा दर बढ़ाने की मांग रखी। वहीं, भूमि की रजिस्ट्री-बैनामा प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्राधिकरण स्तर से कराने पर चर्चा हुई, ताकि बिचौलियों की भूमिका कम हो सके।
बैठक में किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए क्षेत्रीय कार्यालय विकसित करने की योजना पर भी मंथन हुआ। इसके अलावा गांवों में पक्की सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट और सामुदायिक केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
ओएसडी हर्षित तिवारी ने किसानों के हितों का ध्यान रखने और आपसी सहमति के आधार पर भूमि लेने की बात कही। बैठक के बाद न्यू नोएडा परियोजना के लिए भूमि संबंधी प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
