बलिया-गाजीपुर मार्ग पर वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
चितबड़ागांव बलिया। थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम बाइक सवार तीन युवकों ने ई-रिक्शा पर सवार महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ने क्षेत्र में पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
थाना क्षेत्र के कारों गांव निवासी माया पत्नी रमेश राजभर बुधवार की शाम करीब चार बजे चितबड़ागांव बाजार से ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने गांव जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचे और मौका पाकर महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में काफी देर तक चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि बलिया-गाजीपुर मार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना पुलिस की गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता का विषय है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
