फर्जी दस्तावेज और डिजिटल जालसाजी के आरोप में वांछित था आरोपी, महुवा मोड़ के पास पुलिस ने दबोचा
महर्षि टाइम्स
बलिया। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और डिजिटल जालसाजी से संबंधित मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अक्षयवर नाथ तिवारी (55) पुत्र स्व. रघुवंश तिवारी निवासी बजहा, थाना बांसडीह रोड, जनपद बलिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
10 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम मिड्ढी चौराहे पर मौजूद थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा अपराध संख्या 022/2026 से संबंधित 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त अक्षयवर नाथ तिवारी क्रासिंग से पहले ओवरब्रिज तिराहे से महुवा मोड़ की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की और महुवा मोड़ के पास अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 318(3), 336(2), 337, 338, 336(3), 340(1), 340(2), 316(5) एवं 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
