ओमप्रकाश वर्मा
नगरा (बलिया)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का बिल्थरा रोड बस डिपो इन दिनों बदहाल व्यवस्था का शिकार है। हल्की बारिश के बाद ही पूरे डिपो परिसर में जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे यात्रियों और बस कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डिपो परिसर में जगह-जगह पानी जमा होने से यात्रियों का बसों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि बसों में चढ़ने और उतरने के दौरान फिसलने का भी खतरा बना हुआ है। जलभराव के कारण पूरे परिसर में अव्यवस्था का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। हालांकि बस डिपो के पुनर्निर्माण की योजना की चर्चा लंबे समय से चल रही है, लेकिन आधिकारिक स्तर पर निर्माण कार्य शुरू होने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। ऐसे में यात्रियों को फिलहाल बदहाल सुविधाओं के बीच ही सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह ने परिवहन मंत्री एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट करते हुए जनहित में डिपो परिसर से जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराने और पुनर्निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए इस समस्या का स्थायी समाधान अत्यंत आवश्यक है।
