ओमप्रकाश वर्मा
नगरा बलिया!कंपोजिट विद्यालय बेलसड़ी (शिक्षा क्षेत्र नवानगर) में तैनात सहायक अध्यापक शिवनाथ यादव के खिलाफ नगरा थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में सोमवार देर शाम मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग के सत्यापन में शिक्षक द्वारा नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए शैक्षिक और अन्य दस्तावेज़ संदिग्ध पाए गए। विस्तृत जांच में वे दस्तावेज़ कूटरचित (फर्जी) होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने 28 अप्रैल को उनकी सेवा समाप्त कर दी थी।
खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा, "फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने वालों के खिलाफ विभाग बेरहम है; हम किसी भी प्रकार के शोषण और अनियमिता को बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
