भूपेंद्र श्रीवास्तव
**नोएडा।** सोमवार दोपहर नोएडा के सेक्टर-96 अंडरपास के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-81 सलारपुर निवासी पांच दोस्त दो बाइकों से सेक्टर-46 स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा का एडमिशन फॉर्म लेने गए थे। फॉर्म लेकर लौटते समय दोपहर करीब **12:45 बजे**, सेक्टर-45 सदरपुर से सेक्टर-96 अंडरपास की ओर जाते हुए तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में एक छात्र और उसके दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
**सड़क सुरक्षा संदेश:** वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और एक बाइक पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं।
