महर्षि टाइम्स
बैरिया बलिया। बैरिया तहसील क्षेत्र स्थित शिवपुर घाट पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रविवार को दोकटी पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। बढ़ते आवागमन और नदी मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने घाट पर विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान वीरेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उनके साथ कांस्टेबल अमन गोस्वामी, महिला कांस्टेबल सुमित मौर्या सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने घाट पर संचालित नावों की स्थिति, यात्रियों की संख्या, सुरक्षा संसाधनों और नाव संचालन की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। थाना अध्यक्ष ने नाव चालकों और स्थानीय नाविकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाया जाए। उन्होंने कहा कि लालच में ओवरलोडिंग करना हादसों की बड़ी वजह बनता है। साथ ही सभी नावों में लाइफ जैकेट और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। खराब मौसम, तेज हवा या नदी में तेज बहाव की स्थिति में नाव संचालन पूरी तरह बंद रखने पर विशेष जोर दिया गया। दोकटी पुलिस ने बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रही नावों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। थाना अध्यक्ष ने साफ कहा कि बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेजों के कोई भी नाव नदी में संचालित नहीं होने दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले नाव संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम ने घाट पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी जागरूक करते हुए अपील की कि वे ओवरलोड नावों में यात्रा करने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। पुलिस की इस मुहिम से घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसे निरीक्षण अभियान चलाए जाने से दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगेगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

