महर्षि टाइम्स
चितबड़ागांव (बलिया)। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बढंवलीया के टिकरी मौजा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाओं के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना में महिला समेत पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिकरी गांव निवासी राधेश्याम यादव अपने नाती के साथ मारपीट किए जाने को लेकर वीरेंद्र यादव के परिवार से पहले से रंजिश रखते थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी दिनों से तनाव चला आ रहा था। बुधवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद राधेश्याम यादव अपने परिवार के लोगों के साथ वीरेंद्र यादव के घर पहुंच गए। आरोप है कि वहां महिलाओं और लड़कियों के साथ भी मारपीट की गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग विवाद हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से चितबड़ागांव थाने में तहरीर दी गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
