दर्दनाक सड़क हादसा, किशोर की मौत, दो युवक गंभीर रूप से घायल।

MAHARSHI TIMES
0


 ओमप्रकाश वर्मा 

बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के फरसाटार गांव के समीप शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार बाइक और अमूल दूध लदे पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार पालिया खास गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगरा की तरफ से आ रही अमूल दूध लदी तेज रफ्तार पिकअप से फरसाटार गांव के पास उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मुकेश कुमार (17) पुत्र शिवकुमार पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल धीरज पासवान (19) पुत्र राजकुमार तथा लव गुप्ता (20) पुत्र अलूक गुप्ता की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि धीरज मृतक का चचेरा भाई है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूचना मिलते ही सीयर पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना की जांच में जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top