रणजीत सिंह
बिल्थरारोड(बलिया) उभांव थाना क्षेत्र के करनी में अवैध रूप से संचालित महिला अस्पताल में अप्रशिक्षित डाक्टर द्वारा प्रसूता का आपरेशन करने के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजन द्वारा हंगामा करने पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम शरद चौधरी और सीएचसी नगरा अधीक्षक राहुल सिंह व उपनिरीक्षक देवी प्रसाद की मौजूदगी में उक्त संचालित अस्पताल को सील कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरा थाना क्षेत्र के इन्द्रौली मलकौली निवासी पूनम 30 वर्ष पत्नी सोनू को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार की रात्रि परिजन करनी स्थित स्वास्तिक अस्पताल ले गए। वहां की संचालिका तथाकथित डॉ पूनम भारती ने पेट में बच्चे की स्थित खराब कहते हुए आपरेशन करने को कहा। और आपरेशन भी कर दिया। आपरेशन के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गया। परिजनों का कहना है कि स्थिति खराब है मऊ शारदा ना ले चलिए। हम भी आ रहे है। किन्तु सीएचसी सीयर लेकर हम लोग आ गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस बात को सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। करनी पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पहले ही अस्पताल संचालिका ताला बंदकर मौके से भाग गई। सूचना मिलते ही उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ला दल बल के साथ पहुंच गए। परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। सीएमओ के आदेश पर एसडीएम शरद चौधरी की मौजूदगी में उक्त अस्पताल को सील कर दिया गया। महिला का पहला बच्चा होने वाला था।इस संबंध में उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि मृतिका के पति सोनू के तहरीर पर अस्पताल संचालिका पूनम भारती के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
