महर्षि टाइम्स
बलिया । कलेक्ट्रेट में सोमवार को प्रधानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम प्रतिनिधि को सौंपा। प्रधानों का कहना है कि यदि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर नहीं होते हैं, तो वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो जाएगा। ऐसे में वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाय। प्रधानों ने तर्क दिया है कि वे अपनी ग्रामसभा की मूलभूत समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। गांव का बेहतर विकास कैसे किया जाए, यह जानते हैं। उनका मानना है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी यदि उन्हें प्रशासक बनाया जाता है, तो गांव के विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे और निरंतर जारी रहेंगे। प्रधानों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे उनकी इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें और उन्हें प्रशासक बनाने की दिशा में निर्णय लें। इस अवसर पर प्रधान बाला यादव, अमरनाथ सिंह, रामनारायण पासवान, मुनीब सिंह यादव, सतीश, मुकेश कुमार तिवारी, शिवकुमार, अनिल कुमार सिंह और विनोद सिंह, दीपक सिंह सहित कई प्रधान उपस्थित रहे।
