फाइलेरिया रोगियों को प्रदान की गई एमएमडीपी किट

MAHARSHI TIMES
0

●प्रशिक्षण के माध्यम से फाइलेरिया प्रभावित अंगों की समुचित देखभाल के प्रति किया जागरूक

● सहयोगी संस्थाओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

महर्षि टाइम्स 

बलिया,6 अप्रैल 2026 जनपद में सोमवार को दुबहड़ ब्लॉक के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मन्दिर जनाड़ी पर स्वास्थ्य विभाग ने रुग्णता प्रबंधन कैम्प आयोजित कर 15 फाइलेरिया रोगियों को प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही फाइलेरिया प्रभावित अंगो की रुग्णता प्रबंधन के लिए एमएमडीपी किट प्रदान की गयी। इस कार्यक्रम में CHO-PSP सदस्यों और सहयोगी संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

प्रशिक्षण में  सहायक मलेरिया अधिकारी सुजीत प्रभाकर ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर जनित रोग है। यह मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होता है। इसे लिम्फोडिमा (हाथी पांव) भी कहा जाता है। इसके प्रभाव से पैरों व हाथों में सूजन, पुरुषों मे हाइड्रोसील (अंडकोष में सूजन) और महिलाओं में स्तन में सूजन की समस्या आती है। यह बीमारी न सिर्फ व्यक्ति को दिव्यांग बना देती है बल्कि इस वजह से मरीज की मानसिक स्थिति पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। शुरू में डॉक्टर की सलाह पर दवा का सेवन किया जाए तो बीमारी को बढ़ने से रोक सकते हैं।

 उन्होंने बताया कि इससे बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। घर के आस- पास व अंदर साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और समय-समय पर रुके हुए पानी में कीटनाशक, जला हुआ मोबिल ऑयल, डीजल का छिड़काव करते रहें। 

कैम्प में फाइलेरिया प्रभावित अंगों के रुग्णता प्रबंधन का अभ्यास कराया गया और इससे बचने के लिए एमडीए अभियान के दौरान दो वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को दवा का सेवन करने की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई एवं बताया गया कि दवा के सेवन से फाइलेरिया रोग से बचा जा सकता है। फाइलेरिया के मरीजों को प्रभावित अंग की अच्छी तरह से साफ-सफाई करनी चाहिए, जिससे किसी प्रकार के संक्रमण से मरीज न प्रभावित हो। 

इस अवसर पर CHO-PSP सदस्य, आशा,पाथ संस्था के जिला समन्वयक अरुण कुमार,सी-फार संस्था के जय प्रकाश तिवारी उपस्थित रहे ।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top