मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण, नगर विकास का लिया संकल्प

MAHARSHI TIMES
0


रजनीश श्रीवास्तव 

सिकंदरपुर बलिया। आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर में सोमवार को तीन मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा माननीय राज्यपाल की अनुशंसा पर मनोनीत किए गए सभासद अमित गुप्ता, चंदन सोनी एवं श्रीकांत राम को उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही नवनियुक्त सभासदों ने नगर के सर्वांगीण विकास और जनसेवा का संकल्प लिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार नगर निकायों के समग्र विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नवनियुक्त सभासदों से अपेक्षा की कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों  नवनियुक्त सभासदों को अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने पुष्पगुच्छ अंग वस्त्रम   भेंट कर सम्मानित किया वही  जनसमस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। सभासदों ने भी नगर की स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।

चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने कहा कि मनोनीत सभासद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से सिकंदरपुर नगर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

समारोह में अधिशासी अधिकारी मनोज पांडे सहित अरविंद राय, प्रयाग चौहान, जयराम पांडे, बैजनाथ पांडे, अनिल पांडे, सत्येंद्र राजभर, मोहन गुप्ता, विजय जायसवाल, पिंटू पाठक और राजेश वरनवाल समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रमोद गुप्ता ने किया।

समारोह के अंत में सभी ने नगर के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया, जिससे आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर को एक स्वच्छ, सुन्दर और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जा सके।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top