राजनीतिक दलों के साथ बैठक में डीएम ने जारी की अंतिम वोटर लिस्ट

MAHARSHI TIMES
0


जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों को सौंपी वोटर लिस्ट की प्रतियां

जिले में 10 से 16 अप्रैल तक मतदाता सूची का होगा निःशुल्क अवलोकन

महर्षि टाइम्स 

बलिया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कैम्प कार्यालय में सभी विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के तहत तैयार निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के विधानसभा क्षेत्र 357-बेल्थरारोड (अजा), 358-रसड़ा, 359-सिकन्दरपुर, 360- फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह तथा 363-बैरिया की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को कर दिया गया है। यह मतदाता सूची 10 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं सभी मतदान केंद्रों पर आम जनता के निःशुल्क अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण से पूर्व नामावली में कुल 20,54,620 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण अवधि के दौरान 1,38,589 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 24,390 नाम हटाए गए। इसके बाद अंतिम रूप से प्रकाशित सूची में कुल 21,68,819 मतदाता शामिल हैं। इनमें 12,06,739 पुरुष, 9,62,008 महिला तथा 72 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की प्रतियां भी वितरित कीं। उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में संबंधित केंद्रों पर जाकर अपनी प्रविष्टियों का अवलोकन अवश्य करें और किसी त्रुटि की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, श्री अशोक कुमार नगर प्रभारी आम आदमी पार्टी, श्री महफूज आलम जिला महासचिव बहुजन समाज पार्टी, श्री आलोक सिंह भारतीय जनता पार्टी, श्री परमात्मा नंद राय पूर्व जिला सचिव कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, श्री अबुल फैज इंडियन नेशनल कांग्रेस, श्री रवींद्रनाथ यादव समाजवादी पार्टी, श्री पंकज पटेल अपना दल आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top