92 नए केंद्र खुलने के बावजूद क्षेत्र उपेक्षित, बिक्री के लिए भटक रहे किसान
महर्षि टाइम्स
बलिया। जनपद में इस वर्ष क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने के बावजूद मटीही क्षेत्र का क्रय केंद्र अब तक चालू नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जहां 52 क्रय केंद्र संचालित थे, वहीं इस वर्ष उन 52 के अतिरिक्त 92 नए क्रय केंद्र खोले गए हैं।
इसके बावजूद मटीही क्रय केंद्र का संचालन न होना क्षेत्रीय किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। किसानों को गेहूं एवं धान बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च और समय की हानि उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र के निवासी मिहिर सिंह (मटीही) ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि किसानों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए मटीही क्रय केंद्र को अविलंब चालू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
